पीएम की रैली को लेकर बीजेपी कार्यलय पर बैठकों का दौर जारी, शहर से दस हजार लोग जाएंगे

प्रधानमंत्री मोदी पूरे विश्व में देश की प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं। अमेरिका और चीन जैसे शक्तिशाली देश भी आज उनसे बराबरी के स्तर पर बात करते हैं।

गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 28 जून को मगहर में आयोजित रैली में गोरखपुर शहर से दस हजार लोग जाएंगे। बेनीगंज बीजेपी कार्यालय पर तैयारी बैठक हुई जिसमें महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं में जिम्मेदारियां बांटी गईं।

महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि महानगर के 70 सेक्टरों से 100-100 लोगों को ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के तीन हजार कार्यकर्ता रैली में जाएंगे। 22, 23, 24 और 25 जून को सभी सेक्टरों में बैठकें होंगी। मंडल की बैठक में मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल की टीम, पार्षद और पार्षद प्रत्याशी , सेक्टर संयोजक और प्रभारी शामिल होंगे।

रैली में कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए शहर से बसों की व्यवस्था की जाएगी। कोशिश की जाएगी कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए लोग अधिक से अधिक संख्या में रैली में जाएं। इसकी जिम्मेदारी विशेष रूप से पार्षदों और सेक्टर संयोजकों को दी गई है। सेक्टर में रहने वाले पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं को भी इस व्यवस्था में लगाया गया है। बसों के प्रमुख बनाए जाएंगे जिन्हें उनसे सम्बन्धित बस की पूरी जिम्मेदारी दी जाएगी।

होर्डिंग-बैनर से बनाएंगे माहौल

रैली के संयोजक क्षेत्रीय मंत्री विश्वजीताशु सिंह आशु ने बताया कि शहर में जगह-जगह होर्डिंग-बैनर लगाकर रैली का माहौल बनाया जाएगा। रैली में जो भी वाहन जाएंगे उन पर भाजपा का झंडा और स्टीकर लगा होगा।

कार्यकर्ताओं के चार पहिया वाहनों की बन रही लिस्ट

महापौर सीताराम जायसवाल और पिछड़ा वर्ग के प्रदेश महामंत्री चिरंजीव चौरसिया ने कहा कि 23, 24 और 25 जून को मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम के दौरान मिलने वाले हर व्यक्ति को कार्यकर्ता रैली में आने के लिए आमंत्रित करेंगे। इसके साथ ही जिन कार्यकर्ताओं के पास चार पहिया वाहन हैं उनके वाहनों की लिस्ट बनाई जाएगी।

 छह मंडलों में बैठकें होंगी

महानगर मीडिया प्रभारी बृजेश मणि मिश्र ने बताया कि 22 जून को महानगर के सभी छह मंडलों में बैठकें होंगी। गीतानगर मंडल की बैठक सुबह सात बजे कालीबाड़ी मंदिर में होगी। मालवीय नगर मंडल की बैठक शाम चार बजे गिरधरगंज स्थित मंडल कार्यालय में होगी।

गोरक्षनगर मंडल की बैठक शाम पांच बजे महानगर गर्ल्स इंटर कालेज राजेन्द्रनगर में होगी। राप्तीनगर मंडल की बैठक शाम छह बजे रघुवर पैलेस रेल विहार में होगी। आर्यनगर मंडल की बैठक शाम साढ़े छह बजे न्यू कॉलोनी पार्क दीवान बाजार में होगी। दीनदयालनगर मंडल की बैठक रुस्तमपुर स्थित गीता बालिका में शाम सात बजे होगी।

मोदी के रथ को रोक नहीं पाएंगी विघटनकारी शक्तियां: कामेश्वर सिंह

तैयारी बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश मंत्री कामेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पूरे विश्व में देश की प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं। अमेरिका और चीन जैसे शक्तिशाली देश भी आज उनसे बराबरी के स्तर पर बात करते हैं। भारत के बढ़ते प्रभाव से घबड़ाकर विदेशी एजेंसिया प्रधानमंत्री के खिलाफ षड़यंत्र रच रही हैं। देश में सारी विघटनकारी शक्तियां एक हो गई हैं। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी का विकास रथ रुकने वाला नहीं है। पार्टी निश्चित रूप से 2019 में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

खासतौर पर ये रहे मौजूद

पूर्व महापौर डॉक्टर सत्य पांडेय,पुष्पदंत जैन,ओम प्रकाश शर्मा, देवेश श्रीवास्तव, देवेंद्र पाल ,बृजेश मणि मिश्र, जितेंद्र सैनी, अच्युतानंद शाही, राधेश्याम रावत ,रमेश प्रताप गुप्ता ,डॉ गिरिजेश दत्त पांडे ,मीरा श्रीवास्तव, निर्मला द्विवेदी ,पदमा गुप्ता और विनोद दुबे।