गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिन्दू सेवाश्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर और आस पास के जिलों से आए तकरीबन 400 फरियादियों की पीड़ा सुनी। आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अपने निकट ही खड़े अधिकारियों को कुछ मामलों में हिदायत भी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी अधिकारी प्रतिदिन अपने दफ्तरों में निर्धारित अवधि में जनसमस्याएं सुने और समयबद्ध ढंग से निदान कराएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन कार्यक्रम के लिए सोमवार की सुबह से 6 बजे से ही फरियादी जुटने लगे थे। मंदिर के मुख्य कार्यालय से लोगों को हिन्दु सेवाश्रम भेजा गया, क्योंकि पिछले दो दौरे से मुख्यमंत्री हिन्दु सेवाश्रम में ही फरियादियों से मिल रहे हैं। यहां फरियादियों को कुर्सियों पर बैठने का इंतजाम किया गया है। गर्मी का ध्यान रखते हुए पंखे और पेयजल की सुविधा का भी इंतजाम था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अलग कक्ष में बैठ कर बारी-बारी लोगों की पीड़ा सुनी।
सीएम के आगमन के पूर्व जिलाधिकारी ने तकरीबन 250 फरियादियो की शिकायत सुनी। अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए तो पीड़ितों को भी आश्वासन देते रहे। इसके पूर्व वे 6 बजे के करीब मठ से बाहर आए। मंदिर परिसर का भ्रमण कर गुरु गोरक्षनाथ एवं गुरु महंत अवेद्नाथ की प्रतिमा पर पूजन अर्चन किया।