ईद-उल-फित्र की खुशियों से सराबोर रहा शहर

नमाज अदा कर बोले ईद मुबारक

गोरखपुर। पवित्र रमजान के 30 रोजे के एवज अल्लाह ने मुसलमानों को ईद का तोहफा अता किया। अल्लाह का शुक्र अदा करने के लिए ईद-उल- फित्र की नमाज शनिवार को परम्परा के साथ अदा की गयी। शहर की सात ईदगाहों व प्रमुख मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का हुजूम उमड़ पड़ा। तय वक्त से पहले ईदगाहें भर गयी। लोगों ने सड़कों व अन्य खाली स्थानों पर जानमाज, चादर वगैरह बिछायी।

कमेटियों द्वारा भी नमाज पढ़ने का खास इंतजाम किया गया था। बच्चों से लेकर बड़ों के चेहरों पर खुशियों की चमक देखने लायक थी। ईद की नमाज के वक्त तक ईदगाह व आसपास की सड़कों पर नमाजियों की कतारें लग गयी। ईदगाह क इमामों की तकरीरें ध्यान लगा कर सुनी।

मुल्कों  में अमन के लिए दुआ की गई 

सुबह 7 बजे से लेकर 10:30 बजे तक तय वक्त पर ईद-उल- फित्र की नमाज विभिन्न ईदगाहों व प्रमुख मस्जिदों में अदा की गई। ईद का खुतबा पढ़ा व सुना गया। मुल्कों मिल्लत, भाईचारगी, एकता के साथ ही रोजा, नमाज, जकात, सदका की कुबूलियत की अल्लाह से दुआ की गयी। फिर शुरु हुई ईद मुबारक, ईद मुबारक की सदायें। हर सिम्त यह सदायें गूंजने लगी। छोटे से लेकर बड़ों ने लोगों को एक दूसरे को बधाईयां देनी शुरु की। गले मिले हाथ मिलाया बोले ईद मुबारक। इसी के साथ ईदी भी बंटनी शुरू हुई। किसी को ईदी में पैसे मिले तो किसी को तोहफे। लोग एक दूसरे के घर आते रहे जाते रहे खुशियों का पैगाम बांटते रहे।