हियुवा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह पर पांचवा केस दर्ज

व्यवसायिक पार्टनर राणा शेर बहादुर सिंह, ने सुनील सिंह पर 15 लाख रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया है।

गोरखपुर । कभी मुख्यमंत्री योगी के बेहद करीबी रहे हिन्दू युवा वाहिनी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब उनके व्यवसायिक पार्टनर राणा शेर बहादुर सिंह ने उनपर 15 लाख रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया है। कैंट पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हाल के दिनों में यह उनपर पांचवां मुकदमा दर्ज हुआ है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक अमटौरा गांव निवासी राणा शेर बहादुर सिंह और सुनील सिंह साथ में व्यवसाय करते थे। राणा शेर बहादुर के अनुसार दोनों लोगों के बीच व्यवसाय को लेकर मनमुटाव होने पर फाइनल हिसाब हुआ। जिसमें सुनील सिंह को 15 लाख रुपये वापस करना था। वह पैसे लेने महादेव झारखंडी स्थित उनके आवास पर भी गए लेकिन उनको रुपये देने की बजाय वह टाल-मटोल करने लगे। बाद में काफी प्रयास के बाद भी वह रुपये नहीं दिए। परेशान होकर शेर बहादुर ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से फरियाद की। अधिकारियों के निर्देश पर कैंट पुलिस ने तहरीर के आधार पर संगीन धाराओं में केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

सुनील पर हाल में दर्ज हुए हैं चार मुकदमे

इस मुकदमें से पूर्व सुनील सिंह पर हाल में चार और मुकदमा दर्ज किया गया है। 31 जुलाई को समर्थकों के साथ एक आरोपी व पूर्व पार्षद चन्दन विश्वकर्मा को छुड़ाने पहुंचे सुनील और उसके नौ अन्य साथियों को राजघाट पुलिस ने दर्ज कर तीन अलग-अलग मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद 6 अगस्त को लालडिग्गी के पास एक लावारिस कार मिली। कार पर सुनील सिंह और अभिनन्दन तिवारी का स्टीकर लगा हुआ था। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें पेट्रोल बम और एक तमंचा रखा मिला। पुलिस इन इस मामले में सुनील सिंह समेत पांच पर केस दर्ज किया था।
बताया जाता है कि जबसे सुनील सिंह ने अपनी अलग पार्टी हियुवा भारत बनाई है तभी से वो निशाने पर आ गए है।लोगो का मानना है कि ये सभी कार्यवाही बदले की भावना से की जा रही है।