सीओ से नए जोड़े की गुहार, ‘सर हमें बचा लीजिये…’

हम दोनों  वैधानिक रीति से पति-पत्नी हो गए हैं और पति-पत्नी की तरह रह रहे हैं

गोरखपुर। गोला क्षेत्र के एक प्रेमी जोड़े ने घर से भाग कर कोर्ट में शादी कर लिया। अब लड़की के परिवारीजन दोनों के जान के दुश्मन बन गए हैं। इस प्रेमी जोड़े ने सीओ गोला को प्रार्थना पत्र देकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

गोला क्षेत्र के ग्राम पंचायत दीपगढ़ का एक युवक व कौड़ीराम क्षेत्र की एक युवती जो दोनों बालिग हैं उन्होंने सिविल कोर्ट गोरखपुर में शादी कर लिया है।  क्षेत्राधिकारी सतीश चंद्र शुक्ला को एक प्रार्थना पत्र देकर अपने जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

प्रार्थना पत्र में युवक ने लिखा है कि हम दोनों ने बीते छह जुलाई को घर से भाग कर गोरखपुर के बुढ़िया माई मन्दिर में हिंदू रीति-रिवाज से पहले शादी किया। उसके बाद 09 जुलाई को गोरखपुर सिविल कोर्ट में शादी का पंजीकरण कराया। हम दोनों हिन्दू व वैधानिक रीति से पति -पत्नी हो गए हैं और पति-पत्नी की तरह रह रहे हैं।

लेकिन इस शादी से लड़की पक्ष के लोग नाराज हैं। वह हम दोनों को जान से मारने की नीयत से खोज रहे हैं। यदि हम दोनों के साथ कोई अनहोनी होती है तो लड़की पक्ष के लोग जिम्मेदार होंगे।