नर्स के साथ छेड़छाड़, मनचले युवक की धुनाई के बाद पुलिस को सौंपा

कैंपस में तीन दिन पहले हुई रेप की वारदात और रात छेड़खानी की घटना ने कालेज प्रशासन के माथे पर बल ला दिया

गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कालेज में नर्स के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। छेड़खानी करने वाला आरोपी नर्स का परिचित बताया जा रहा है। घटना बीती देर रात की है। नर्स के शोर मचाने पर वार्ड में तैनात कर्मचारियों ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

वार्ड नंबर चार में संविदा नर्स की ड्यूटी थी। सूत्रों के मुताबिक देर रात एक युवक नर्स से मिलने पहुंचा। दोनों पूर्व परिचित हैं। ऐसे में दोनों बात करने के लिए ड्यूटी रूम में चले गए। बताया जाता है कि कुछ देर बाद ही युवक ने नर्स से छेड़खानी शुरू कर दी। नर्स ने प्रतिरोध किया। जिसके बाद युवक ने जबर्जस्ती करने लगा। नर्स ने इज्जत बचाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद वार्ड में मौजूद दूसरे कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़कर धुनाई कर पुलिस बुला लिया लिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

रेप और छेड़खानी की घटना पर संजीदा हुआ कालेज प्रशासन

प्राचार्य ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर मंथन किया। बैठक में प्राइवेट वार्ड से आर्थो वार्ड तक क्लोज सर्किट कैमरा लगवाने का फैसला किया गया।

इसके साथ ही गैलरी में सुरक्षा के लिहाज से तीन गार्ड भी तैनात करने पर सहमति जताई गई। प्राचार्य ने बताया कि अस्पताल में ऐसी घटनाएं होना दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कर्मचारियों को सुरक्षा का माहौल देने के लिए गार्डों की संख्या व गश्त बढ़ाई जाएगी। ई-हास्पिटल फंड के जरिए अस्पताल व कैंपस में सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं बाहर के प्रवेश मार्गों को भी बंद किया जाएगा।