जेई की तहरीर पर चिलुआताल पुलिस केस दर्ज कर आरोपी को थाने उठा लाई
गोरखपुर। शटडाउन नहीं देने पर एक मनबढ़ ने विद्युत उपकेन्द्र सिंहोरवा के जेई अमित कुमार यादव को जानमाल की धमकी दी। जेई की तहरीर पर चिलुआताल पुलिस केस दर्ज कर आरोपी को थाने उठा लाई। आरोप है कि पुलिस बिना कार्रवाई किए आरोपी को छोड़ दी।
पुलिस को दिए तहरीर में विद्युत उपकेन्द्र सिंहोरवा के जेई अमित कुमार यादव ने बताया कि उनके मोबाइल पर सिंहोरवा के ही मनबढ़ विजय कुमार मद्धेशिया ने दोपहर करीब 12 बजे फोन किया। वह फोन कर शटडाउन मांगने लगा। जेई ने मोबाइल पर शटडाउन देने से मना कर दिया।
इसपर वह फोन पर ही गाली-गलौच करने लगा। उसने मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। जेई ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों के साथ चिलुआताल पुलिस को दी। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जेई का आरोप है कि पुलिस आरोपी को पकड़ कर थाने लाई थी लेकिन कुछ देर बाद ही छोड़ दी।