योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनने के बाद गोरखनाथ मंदिर में प्रदेश भर से फरियादी पहुंचने लगे। लिहाजा उन्होंने लखनऊ के बाद यहां अस्थाई कैंप कार्यालय खोला। ताकि फरियादियों को उनकी अनुपस्थिति में भी न्याय मिलता रहे।
गोरखपुर । जनता दर्शन में कई-कई बार लिखित शिकायत के बाद भी फरियादियों को न्याय न मिलने की शिकायत को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लिया है। इसलिए गोरखनाथ मंदिर के हिन्दू सेवाश्रम में संचालित हो रहे मुख्यमंत्री जन सुनवाई केंद्र (अस्थाई कैंप कार्यालय) को विशेष मोबाइल नम्बर 6389938700 मिला है। इस नम्बर से जाने वाली कॉल शिकायत से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की घंटी बजाएगी, लेकिन कोई भी उस कॉल को इग्नोर नहीं कर सकेगा।
गोरखनाथ मंदिर में 13 जुलाई से हिन्दू सेवाश्रम में मुख्यमंत्री जनसुनवाई केंद्र (अस्थाई कैंप कार्यालय) का संचालन किया जा रहा है। यहां जन समस्या निवारण अधिकारी सेवानिवृत वरिष्ठ पीसीएस मोतीलाल सिंह को नियुक्त हैं। मंदिर से सहायक के रूप में दिव्य कुमार सिंह और विनय कुमार गौतम एवं सहायक कम्प्यूटर आपरेटर आनंद गुप्ता की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो दस्तावेज लेखक और एक परिचारक तैनात किए गए हैं। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 2 बजे तक जनसुनवाई के लिए जन समस्या निवारण अधिकारी कार्यालय में बैठते हैं। अब तक 1050 मामले यहां सुनवाई के लिए आए हैं। रोजाना 25 से 30 मामले आते हैं। इनमें सबसे ज्यादा राजस्व और पुलिस संबंधी मामले होते हैं। यहां आने-वाले मामलों को बकायदा रजिस्टर में दर्ज कर नम्बर दिया जाता है। उसके बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों को निस्तारण के लिए प्रेषित किया जाता है। निस्तारण की जानकारी भी मांगी जाती है। निस्तारण पर पीड़ित की संतुष्टी भी जानी जाती है। मुख्यमंत्री ने हिदायत दे रखी है कि समस्याओं का उचित निस्तारण नहीं हुआ और हीलाहवाली की गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
निस्तारण में आएगी तेजी
मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम और मुख्यमंत्री जनसुनवाई केंद्र की ओर से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के दफ्तरों में जाने वाली शिकायतों पर गंभीरता न दिखाए जाने की शिकायत मिल रही थी। जन सुनवाई केंद्र की ओर से जाने वाली फोन काल को भी रिसीव न किए जाने की शिकातय थी। इन सब शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सीएम के आदेश पर जन सुनवाई केंद्र को मोबाइल नम्बर 6389938700 उपलब्ध कराया है। इस नंबर को जिले के सभी विभागों के अधिकारियों एवं पुलिस के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने मोबाइल में सेव करने की हिदायत दी गई है। ताकि वह उस नंबर से आने वाली कॉल को तत्काल रिसीव करें।
मोबाइल नम्बर पर देनी होगी अपडेट
फरियादियों के मामले में मुख्यमंत्री जन सुनवाई केंद्र के मोबाइल नम्बर पर संबंधित फरियाद की यथास्थिति के बारे में अपडेट देना होगा। फरियादी भी इस मोबाइल नम्बर पर कॉल कर समस्या की यथास्थिति के बारे में भी जाना जा सकेंगे।
गोरखनाथ मंदिर की वर्षो पुरानी परम्परा है जनता दर्शन
गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम की परम्परा दशकों पुरानी है। ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ भी यहां फरियादियों की पीड़ा सुनते रहे। समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को बकायदा सिफारसी पत्र भी लिखते रहे। बाद में गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने इस परम्परा को और समृद्ध बनाया। सांसद रहते हुए उन्होंने नियमित रूप से जनता दर्शन कार्यक्रम संचालित किया। छोटे-छोटे मामलों में खुद थाने चौकियों समेत जिले के आला अधिकारियों तक को फोन कर फरियादियों को मदद दिलाते रहे। मुख्यमंत्री बनने के बाद गोरखनाथ मंदिर में प्रदेश भर से फरियादी पहुंचने लगे। लिहाजा उन्होंने लखनऊ के बाद यहां अस्थाई कैंप कार्यालय खोला। ताकि फरियादियों को उनकी अनुपस्थिति में भी न्याय मिलता रहे।