भारी सुरक्षा बल के बीच सुनील सिंह समेत दस 14 दिनों के लिए भेजे गए जेल

हियुवा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह समेत सभी 10 आरोपितों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया।

गोरखपुर । अपने पदाधिकारी चन्दन विश्वकर्मा को छुड़ाने के लिए राजघाट थाने पर हंगामा और तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार हियुवा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह समेत सभी 10 आरोपितों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। अपर सिविल जज फास्ट ट्रैक कोर्ट विनय कुमार ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में लेकर 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया।

राजघाट थाना क्षेत्र निवासी हिन्दू युवा वाहिनी नेता विवेक सूर्या को धमकी देने के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार हियुवा भारत के महानगर संयोजक चंदन विश्वकर्मा को छुड़ाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे सुनील सिंह ने पुलिस से झड़प की। सुनील सिंह और उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। इन पर तोड़फोड़ का भी आरोप लगा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बल प्रयोग किया। पुलिस ने सुनील सिंह समेत 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

राजघाट थाने की पुलिस ने सुनील सिंह समेत 11 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ विवेक सूर्या ने जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया। दूसरा मुकदमा पार्षद रामभुआल कुशवाहा ने तोड़ फोड़ और जान से मारने की धमकी का दर्ज कराया। राजघाट इंस्पेक्टर रामबिलास यादव ने भी सरकारी कार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने बुधवार को सुनील सिंह और उनके 9 समर्थकों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने सभी आरोपितों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

सुनील के समर्थकों ने की नारेबाजी

सुनील सिंह और उनके साथियों के कोर्ट में पेशी की सूचना पर बुधवार को बड़ी संख्या में समर्थक कचहरी परिसर में पहुंच गए थे। पुलिस जैसे ही सुनील को लेकर कचहरी में पहुंची उनके समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि पुलिस की सख्ती के चलते समर्थक सुनील से मुलाकात नहीं कर सके। पेशी के बाद में सुनील सिंह को जब जेल ले जाया जा रहा था तो समर्थक उनके सामने आ गए। उन्होंने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच सुनील और उनके आरोपित समर्थकों को जेल पहुंचा दिया।

सुनील के साथ पार्षद प्रतिनिधि भी जेल गए

कैंट क्षेत्र स्थित कूड़ाघाट निवासी सुनील सिंह के साथ ही गिरधरगंज के पार्षद प्रतिनिधि आवास विकास कालोनी निवासी राघवेंद्र सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इन दोनों के अलावा राजघाट क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी चंदन विश्वकर्मा, श्रीराम बाबू, कमलेश, कैंट क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी भूपेंद्र सिंह, संतकबीरनगर जिले के महुली क्षेत्र स्थित बरौली निवासी अभिनंदन तिवारी, शाहपुर क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी सुशील कुमार, राजघाट क्षेत्र के हांसूपुर निवासी मनीष पटवा, खोराबार क्षेत्र के फलमंडी निवासी कुलदीप कश्यप को भी पुलिस ने जेल भेज दिया।

जेल की मिलेनियम बैरक में रखे गए हैं सुनील व उनके साथी

हिन्दू युवा वाहिनी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह और आरोपित समर्थकों को पुलिस ने दोपहर बाद 3:45 बजे मंडलीय कारागार में पहुंचा दिया। कारागार में सभी आरोपितों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें मिलेनियम बैरक में भेज दिया गया।

जेल में पहले दिन दाल-रोटी और सब्जी से चलाया काम

मंडलीय कारागार में बंद किए गए हिन्दू युवा वाहिनी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह और उनके साथियों को बुधवार की रात में पहले दिन खाने के लिए दाल, रोटी और सब्जी दी गई। सुनील सिंह जेल के अंदर गए तो उनके हाथ में एक बैग था जिसमें कुछ सामान था। हाथ में उन्होंने पालीथिन का झोला भी थाम रखा था।

पुलिस छावनी में तब्दील रहा कचहरी के आसपास का इलाका

एसपी सिटी विनय सिंह के नेतृत्व में चार सीओ और आधा दर्जन से अधिक थानेदार राजघाट थाने में गिरफ्तार सुनील सिंह और उनके समर्थकों को लेकर कचहरी में पहुंचे। कचहरी और आस-पास बड़ी संख्या में पहले से ही पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। सुनील सिंह के समर्थकों ने उनके कचहरी में पहुंचते ही नारेबाजी शुरू कर दी लेकिन पुलिस की सख्ती देख वे उनके नजदीक जाने का साहस नहीं जुटा सके। पूरे समय कचहरी और आस-पास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा।