जिनके कंधे पर जंगल बचाने की जिम्मेदारी वही बेच रहे जंगल, वीडियो हुआ वायरल

कैम्पियरगंज रेंज में तैनात वन रक्षक द्वारा ही वन विभाग की बेशकीमती साखू के पेड़ों को ओने पौने दामों पर बेच दिया गया

गोरखपुर,कैम्पियरगंज। जिनके के कंधे पर वन विभाग की संपत्तियों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई हो और वह ही संरक्षित कीमती लकड़ियों को बेचना शुरू कर दे तो फिर हरियाली का बचना भगवान भरोसे है। और पर्यावरण संरक्षण अभियान बेमानी है ऐसा ही मामला जनपद के कैम्पियरगंज रेंज का प्रकाश में आया है।

मंगलवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा था। वहीं कैम्पियरगंज रेंज में तैनात वन रक्षक द्वारा ही वन विभाग की बेशकीमती साखू के पेड़ों को ओने पौने दामों पर बेच दिया गया था। साखू के पेड़ों पर आरा चल  रहा था। जिसका वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कैम्पियरगंज रेंज के भौराबारी बीट में मंगलवार को दिन दहाड़े साखू के पेड़ को काटा जा रहा था।ग्रामीणों ने पेड़ काटने वालों से पूछा तो बताया गया कि वन रक्षक व वन दरोगा द्वारा रकम लेकर काटने को कहा गया है। जिसका पता रेंजर तक को है।

इस बात की सूचना जैसे ही रेंजर साजिद खान को हुई तो उन्होने अपने कर्मियों के गुनाहों पर पर्दा डालते हुए देखवाने की बात कही।

यह कैम्पियरगंज रेन्ज का पहला मामला नहीं है। सुरक्षा में लगे जिम्मेदारों की मिली भगत से पेड़ काटने से जंगल खलिहान होता जा रहा है। काटे हुए पेड़ के स्थान से वन विभाग के दरोगा और वन रक्षक पेड़ के बूटों को निकालकर सफाई करा देते है कि मौके पर उसकी पहचान किया जाना भी संभव नहीं हो पाता है। लेकिन बारीकी से निरीक्षण किया जाए तो पता चल जाता है कि पेड़ कहां पर स्थापित था।