गोरखपुर। बुद्ध नगर कालोनी का रहने वाला युवक दो बीवियों की चक्कर में हवालात पहुंच गया। दूसरी पत्नी को प्रताडि़त करने के आरोप में कैंट पुलिस ने उसके छोटे भाई और पिता को भी हिरासत में लिया है। देर शाम पिता को मुचलके पर छोड़ दिया।
बुद्ध नगर निवासी संजय कुमार की शादी 2015 में अंजली से हुई थी। बिछिया की रहने वाली किरन चौहान से नजदीकी बढऩे पर 2017 में संजय ने आर्यसमाज मंदिर में उससे भी शादी कर ली। परिवार के लोगों को जब रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने संजय को घर से निकाल दिया। कुछ दिन तक साथ रहने के बाद वह किरन का साथ छोड़कर चला गया। पति के बुद्ध नगर में होने की जानकारी मिलने पर दो दिन पहले किरन उसकी तलाश करते हुए पहुंची।
आरोप है कि संजय के पिता और भाई ने उसे भगा दिया। पति के घर में होने की पुष्टि होने पर कैंट थाने पहुंच पिता और भाई पर अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। सोमवार की रात में पुलिस घर पहुंची तो संजय नहीं मिला, उसके पिता और भाई को साथ लेकर दारोगा थाने चले आए। जानकारी होने पर सुबह संजय पहली पत्नी के साथ थाने पहुंचा। पंचायत के बाद भी दूसरी पत्नी को घर ले जाने को तैयार न होने प पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।