पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के नाम का होगा लोकार्पण
चन्दौली। पांच अगस्त को मुग़लसराय में ऐतिहासिक परिवर्तन होने जा रहा है। इस दिन मुग़लसराय का नाम रेलवे के मानचित्र से पृरी तरह गायब हो जाएगा। लोकार्पण समारोह में भाजपा की ताकत शिरकत कर रही है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि पार्टी इस कार्यक्रम के बहाने लोकसभा चुनाव से पहले क्षेत्र की जनता का मिजाज मापना चाह रही है।
जनसंघ के नेता व एकात्मवाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर मुग़लसराय जंक्शन का नाम बदल दिया गया है। काफी ऊहापोह के बाद नामकरण होने के बाद भी भवन पर लगे नए नाम की पट्टिका का अनावरण नहीं हुआ है। 13 व 14 जुलाई को प्रधानमंत्री के वारणसी व मिर्जापुर जिले में कार्यक्रम होने से कयास लगाया गया था कि उनके हाथों लोकार्पण होगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब पांच अगस्त को लोकार्पण किया जाएगा।
लोकार्पण समारोह में सूबे के सीएम, रेलमंत्री, रेल राज्यमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष के अलावा अन्य लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए पृरजोर तैयारी की जा रही है। बाकले खेल मैदान में अभी से तैयारी की जा रही है। पांच अगस्त को मुग़लसराय में भाजपा अपनी ताकत भी दिखएगी। पृरे कार्यकम में एक लाख लोगों को लाने का इंतजाम किया जा रहा है। धान के कटोरे में एक लोकसभा व चार विधानसभा है। इसी साल या 2019 में लोकसभा चुनाव होने को हैं। लोकार्पण के बहाने भाजपा व सरकार जनता को विकास से जोडने का प्रयास करेगी। अपनी उपलब्धियों को गिना जनता की मूड मापने के प्रयास में लगेगी।
इस कार्यक्रम में जहां भाजपा के पहले रेल मंत्री का आगमन हो रहा है तो सीएम दूसरी बार जनपद में होंगे। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार जनपद में आएंगे। राजनीतिक रूप से भी यह लोकार्पण समारोह महत्वपूर्ण होगा। एक लाख लोगों को भी इसी बहाने साधने की सार्थक पहल होगी। रेलमंत्री व मुख्यमंत्री सरकारी योजनाओं के जरिये लोगों को साधेंगे तो राष्ट्रीय व प्रदेश अध्यक्ष राजनीतिक रुप से चुनावी सन्देश देने की कोशिश करेंगे।